
gmedianews24.com/डोंगरगढ़। शालीमार एक्सप्रेस में शराब के नशे में धुत चार बदमाशों द्वारा यात्रियों के साथ हुड़दंग और अशांति फैलाने का मामला सामने आया है। रेलवे प्रशासन की सतर्कता से चारों आरोपियों को ट्रेन से उतारकर डोंगरगढ़ स्टेशन पर जीआरपी पुलिस के हवाले किया गया, जहां पुलिस ने अलग-अलग धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
मिली जानकारी के अनुसार, चारों आरोपी नागपुर से शालीमार एक्सप्रेस में सवार हुए थे और सभी छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के निवासी बताए जा रहे हैं। ट्रेन में चढ़ते ही आरोपी शराब के नशे में गाली-गलौच करने लगे और अन्य यात्रियों को डराने-धमकाने का प्रयास किया। इससे ट्रेन में यात्रा कर रहे लोगों में भय का माहौल बन गया।
जब ट्रेन गोंदिया स्टेशन पहुंची, तो परेशान यात्रियों ने इस पूरे घटनाक्रम की शिकायत ट्रेन में मौजूद टीटीई से की। टीटीई द्वारा पूछताछ किए जाने पर आरोपियों ने उनके साथ भी बदतमीजी की। स्थिति बिगड़ते देख टीटीई ने तत्काल रेलवे प्रशासन को सूचना दी।
इसके बाद रेलवे अधिकारियों के निर्देश पर ट्रेन के डोंगरगढ़ स्टेशन पहुंचते ही चारों आरोपियों को उतार लिया गया और जीआरपी पुलिस को सौंप दिया गया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि ट्रेन में किसी भी तरह की अव्यवस्था या संदिग्ध गतिविधि नजर आने पर तुरंत टीटीई या रेलवे स्टाफ को सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।





