
gmedianews24.com/बलरामपुर (UP)। उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले में सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। नेपाल बॉर्डर के पास सुनौली से दिल्ली जा रही एक निजी बस ट्रक से टकराने के बाद आग के गोले में बदल गई। हादसे में 3 लोगों की जलकर मौत हो गई, जबकि 24 यात्री गंभीर रूप से झुलस गए। इनमें से 6 की हालत गंभीर बताई जा रही है।
बस में कुल 45 यात्री सवार थे, जिनमें अधिकांश नेपाल के नागरिक थे।
100 मीटर घिसटने के बाद बिजली के खंभे से टकराई बस, करंट फैलते ही भड़क उठी आग
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस (UP 22 AT 0245) देर रात करीब ढाई बजे फुलवरिया बाईपास के पास तेज रफ्तार ट्रक (UP 21 DT 5237) से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस करीब 100 मीटर तक घिसटती हुई हाईटेंशन लाइन के बिजली के खंभे से जा टकराई।
टक्कर में खंभा टूटकर बस पर गिर गया। इससे बस में करंट दौड़ गया, जिसके चलते शॉर्ट सर्किट हुआ और देखते ही देखते बस में भयावह आग लग गई। बस पूरी तरह लपटों से घिर गई और अंदर बैठे यात्री फंस गए।
शीशा तोड़कर कूदे यात्री, मौके पर मची चीख-पुकार
अचानक लगी आग से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। कई लोगों ने खिड़की के शीशे तोड़कर किसी तरह बाहर छलांग लगाई।
घटना के बाद चीख-पुकार का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस को खबर दी गई।
फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद बस में फंसे लोगों को बाहर निकाला।





