
gmedianews24.com/ अमेरिका। व्हाइट हाउस से कुछ ही दूरी पर हुई गोलीबारी ने राजधानी वॉशिंगटन डीसी में हड़कंप मचा दिया। इस घटना में कम से कम तीन लोग घायल हुए, जिनमें वेस्ट वर्जीनिया नेशनल गार्ड के दो जवान भी शामिल हैं। हमलावर की पहचान 29 वर्षीय अफगानी नागरिक रहमानुल्लाह लकनवाल के रूप में हुई है, जिसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
घात लगाकर किया हमला
जानकारी के मुताबिक, नेशनल गार्ड के जवान नियमित गश्त पर थे, तभी हमलावर अचानक एक कोने से निकलकर उन पर टूट पड़ा और अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। गोलीबारी के तुरंत बाद अन्य गार्ड सदस्यों ने हमलावर को घेरकर काबू में कर लिया।
हमलावर अफगानिस्तान से आया प्रवासी
अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी रहमानुल्लाह लकनवाल अफगानिस्तान से आया एक प्रवासी है। वह ऑपरेशन एलाइज वेलकम के तहत अमेरिका में दाखिल हुआ था और बाद में उसे वाशिंगटन के बेलिंगहैम में बसाया गया था। जांचकर्ताओं के मुताबिक, अमेरिका आने के बाद से वह वाशिंगटन राज्य में रह रहा था।
दो जवान गंभीर रूप से घायल
गोलीबारी में घायल दोनों नेशनल गार्ड जवानों की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। तीसरा घायल एक राहगीर बताया जा रहा है।
जांच जारी, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट
एफबीआई और स्थानीय सुरक्षा एजेंसियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है। यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपी ने हमला क्यों किया और क्या उसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क या साजिश है।




