
gmedianews24.com/डोंगरगढ़। थाना बोरतलाव क्षेत्र के ग्राम कौहापानी के पहाड़ी जंगल में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ की संयुक्त टीम द्वारा 19 नवंबर को शुरू किए गए अभियान में नक्सली अपना सामान छोड़कर जंगल की ओर भाग गए।
सर्चिंग के दौरान पुलिस ने नक्सलियों की भारी मात्रा में सामग्री जब्त की है, जिसमें वर्दी, पिट्ठू बैग, दस्तावेज, डायरियां, सोलर पैनल, चार्जिंग सेट, खाना बनाने के बर्तन, तंबू, तिरपाल, वॉकी-टॉकी, विस्फोटक और पर्याप्त राशन शामिल हैं। मुठभेड़ स्थल से मिले खून के धब्बों से कम से कम तीन नक्सलियों के घायल होने का अंदाजा लगाया गया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बरामद सामग्री नक्सलियों की गतिविधियों और अभियान की गंभीरता को दर्शाती है। पड़ोसी राज्यों के सहयोग से यह नक्सल विरोधी अभियान आगामी दिनों में भी जारी रहेगा।







