
gmedianews24.com/कवर्धा। लोहारा ब्लॉक में धान बिक्री के लिए टोकन नहीं कटने से नाराज सैकड़ों किसानों ने सोमवार को तहसील कार्यालय का घेराव कर प्रदर्शन किया। इसी दौरान उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा का काफिला वहां से गुजरा। किसानों की भीड़ और आक्रोश देखकर डिप्टी सीएम ने तुरंत काफिला रुकवाया और जमीन पर बैठकर किसानों की समस्याएं सुनीं।
किसानों ने धान उपार्जन केंद्रों में अव्यवस्था और टोकन प्रक्रिया में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए दो पटवारियों के खिलाफ शिकायत की। मामले की गंभीरता को देखते हुए उपमुख्यमंत्री ने मौके पर ही कुरुवा के हल्का नंबर 15 के पटवारी राजेश शर्मा को निलंबित करने का आदेश दिया। अधिकारियों ने वहीं पर निलंबन आदेश जारी कर किसानों को उसकी प्रति भी दिखाई, जिसके बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ।
डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने किसानों को आश्वस्त किया कि धान बेचने में किसी भी किसान को अब कोई परेशानी नहीं होगी और प्रशासन पूरी जिम्मेदारी से व्यवस्था सुनिश्चित करेगा।







