
gmedianews24.com/नई दिल्ली। सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने शनिवार को कहा कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ भारतीय सेना की सामरिक क्षमता, समन्वय और सटीक रणनीति का अद्भुत उदाहरण है। उन्होंने बताया कि यह ऑपरेशन एक भरोसेमंद ऑर्केस्ट्रा की तरह था, जहां हर इकाई ने अपनी भूमिका बखूबी निभाई और सिर्फ 22 मिनट में 9 आतंकी ठिकानों को तबाह कर दिया गया।
जनरल द्विवेदी दिल्ली में न्यू दिल्ली इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट (NDIM) के दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे थे। उनका संबोधन ‘Navigating Change: The Real Constant’ थीम पर आधारित था।
“सालों की सोच से बना जवाब”
आर्मी चीफ ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर उस पल का नहीं, बल्कि सालों की रणनीतिक सोच का नतीजा था।
उन्होंने कहा—
“मिलिट्री ऑपरेशन में हालात बदलने के साथ बदलाव का अंदाजा लगाने की दूर की सोच दिखाई देती है। ऑपरेशन सिंदूर ने यह दिखाया कि कैसे इंटेलिजेंस, सटीकता और टेक्नोलॉजी मिलकर एक्शन में बदल सकती हैं।”
भारत के सभी जवाबी हमले भी ऑपरेशन सिंदूर के तहत
जनरल द्विवेदी ने बताया कि पाकिस्तान की ओर से भारत पर हमले किए गए थे, जिसके बाद भारत की ओर से जो भी जवाबी कार्रवाई की गई, वह सब ऑपरेशन सिंदूर का हिस्सा थी।
दोनों देशों—जो परमाणु हथियारों से लैस हैं—के बीच करीब 88 घंटे तक तनावपूर्ण सैन्य टकराव चला। अंततः 10 मई की शाम दोनों देशों ने एक समझौते पर सहमति जताई, जिसके बाद यह स्थिति थमी।







