
gmedianews24.com/ जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में मजालता क्षेत्र के सोहन गांव के पास लगातार दूसरे दिन, मंगलवार को आतंकियों और सुरक्षाबलों के बीच एनकाउंटर जारी है। सूत्रों के मुताबिक, आज सुबह गोलीबारी में स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप (SOG) के दो जवान घायल हो गए हैं।
आशंका है कि इस दौरान आतंकियों को भी नुकसान पहुंचा है। फिलहाल गोलीबारी रुक गई है, लेकिन पूरे इलाके को कड़े सुरक्षा घेरे में रखा गया है। आतंकियों की संभावित भागने के सभी रास्तों को सील कर दिया गया है। इलाके में अतिरिक्त बल तैनात हैं और सर्च ऑपरेशन जारी है।
उधमपुर में सोमवार शाम मुठभेड़ शुरू हुई थी। कल देर रात तक चली गोलीबारी में एक पुलिसकर्मी की मौत हो गई। वहीं जैश-ए-मोहम्मद (JeM) के एक आतंकी को भी गोली लगने की आशंका है। अधिकारियों ने बताया कि कम से कम तीन आतंकवादी जंगल में छिपे हुए हैं।







