
gmedianews24.com/मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, 10 जुलाई 2025। जिले के चिरमिरी क्षेत्र में मानवीय संवेदनाओं को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक बुजुर्ग महिला करीब 400 फीट ऊंचाई से भुकभुकी नाले की गहरी खाई में गिर गई थी। दो दिनों तक घायल अवस्था में पड़ी रही। आखिरकार गांव के युवाओं की टीम ने रेस्क्यू अभियान चलाकर महिला की जान बचाई।
जानकारी के अनुसार, महिला बीते दो दिन से नाले में फंसी हुई थी। आसपास का पूरा इलाका दुर्गम पहाड़ी होने की वजह से किसी को इसकी जानकारी नहीं हो पाई। जब युवाओं ने गहरी खाई में महिला को देखा तो तुरंत रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
युवाओं ने बड़ी मुश्किल से घायल महिला को खाई से बाहर निकाला। इसके बाद लकड़ी के सहारे स्ट्रेचर बनाया और 4 किलोमीटर तक उसे कंधे पर उठाकर पैदल पहाड़ी रास्ता पार किया। फिर एक निजी वाहन की मदद से महिला को खड़गवां अस्पताल पहुंचाया गया।
अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बताया कि महिला की हालत अब स्थिर है। पूछताछ में महिला अपना नाम और पता सही से बता पाने की स्थिति में नहीं है। उसने सिर्फ इतना बताया कि वह दो दिन से वहीं पड़ी थी और पानी पीकर किसी तरह जिंदा रही।