
gmedianews24.com/पटौदी (गुरुग्राम)। हरियाणा के गुरुग्राम जिले के पटौदी क्षेत्र में शनिवार देर रात दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। गांव खोड़ में तेज रफ्तार थार गाड़ी ने पैदल जा रहे तीन लोगों को कुचल दिया, जिससे दो मासूम बच्चों और उनके नाना की मौके पर ही मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार, खोड़ गांव निवासी 53 वर्षीय सुभाष अपने नाती 8 वर्षीय जायद खान और 6 वर्षीय ईशांत के साथ रात करीब 11 बजे अपने भाई के घर से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान तेज गति से आ रही एक थार गाड़ी ने तीनों को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण कि 30 फीट दूर जा गिरे
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों उछलकर 10 से 30 फीट दूर जा गिरे। गंभीर चोटों के चलते तीनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
चालक गाड़ी छोड़कर फरार
हादसे के बाद आरोपी चालक मौके पर ही गाड़ी छोड़कर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि आरोपी की जल्द पहचान कर उसे गिरफ्तार किया जा सके।







