
gmedianews24.com/ जगदलपुर। बस्तर जिले के जगदलपुर स्थित सेंट्रल जेल से एक कैदी के फरार होने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि कैदी बुधवार देर शाम जेल की दीवार फांदकर भाग निकला, जिससे जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया है।
घटना की जानकारी मिलते ही जेल प्रशासन और पुलिस की टीम तत्काल हरकत में आ गई और फरार कैदी की तलाश शुरू कर दी गई है। जेल परिसर सहित आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि कैदी के भागने के रास्ते और दिशा का पता लगाया जा सके।
बस्तर एसपी शलभ सिन्हा ने कैदी के फरार होने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही कैदी को पकड़ने के प्रयास जारी हैं।
फिलहाल फरार कैदी का नाम और वह किस अपराध में जेल में बंद था, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस और जेल प्रशासन की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
इस घटना के बाद जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं, वहीं प्रशासन ने सुरक्षा में हुई चूक की जांच के निर्देश दिए हैं।






