
gmedianews24.com/नई दिल्ली। इंडियन नेशनल कांग्रेस (INC) को अपने ऐतिहासिक 24 अकबर रोड स्थित मुख्यालय को जल्द खाली करना पड़ सकता है। एस्टेट विभाग ने बुधवार को पार्टी को नोटिस जारी कर 28 मार्च 2026 तक दफ्तर खाली करने का निर्देश दिया है। इसी के साथ इंडियन यूथ कांग्रेस (IYC) के 5 रायसीना रोड स्थित कार्यालय के लिए भी समान समयसीमा तय करते हुए नोटिस भेजा गया है।
48 साल पुराना मुख्यालय, अब खाली करने की नौबत
अकबर रोड स्थित यह बंगला करीब 48 वर्षों तक कांग्रेस पार्टी का मुख्यालय रहा है और पार्टी की राजनीतिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र रहा है। हालांकि, कांग्रेस ने पिछले वर्ष कोटला मार्ग पर अपना नया मुख्यालय ‘इंदिरा भवन’ शुरू कर दिया था, लेकिन इसके बावजूद अकबर रोड परिसर अभी तक खाली नहीं किया गया है और कई गतिविधियां अब भी वहीं से संचालित हो रही हैं।
अदालत का रुख कर सकती है कांग्रेस
सूत्रों के मुताबिक, पार्टी इस नोटिस के खिलाफ कानूनी विकल्पों पर विचार कर रही है। कांग्रेस नेताओं ने संकेत दिए हैं कि यदि जबरन बेदखली की कोशिश होती है तो पार्टी अदालत का दरवाजा खटखटा सकती है।
‘प्रतीकात्मक और राजनीतिक महत्व’ का मुद्दा
कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं का कहना है कि 24 अकबर रोड स्थित कार्यालय केवल एक इमारत नहीं, बल्कि पार्टी की राजनीतिक विरासत और इतिहास का अहम हिस्सा है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया है कि पार्टी इस संपत्ति के लिए बाजार दर के अनुसार किराया चुका रही है।
बढ़ सकता है राजनीतिक विवाद
इस नोटिस के बाद सियासी हलकों में हलचल तेज हो गई है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में यह मुद्दा राजनीतिक तकरार का कारण बन सकता है।







