
/gmedianews24.com/पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले राज्य की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने हैदराबाद में रविवार को बड़ा ऐलान करते हुए हुमायूं कबीर की जनता उन्नयन पार्टी (JUP) के साथ गठबंधन कर चुनाव लड़ने की घोषणा की है। इस गठबंधन को ममता बनर्जी की अगुवाई वाली तृणमूल कांग्रेस के लिए सीधी चुनौती माना जा रहा है।
ईद के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में ओवैसी ने ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य में मुस्लिमों की आबादी करीब 30 प्रतिशत है, लेकिन उन्हें राजनीतिक भागीदारी और उनका हक नहीं मिल रहा। उन्होंने आरोप लगाया कि धर्मनिरपेक्षता के नाम पर सिर्फ वोट लिए जाते हैं।
गठबंधन से बढ़ेगा मुकाबला
हुमायूं कबीर की पार्टी ने राज्य की 182 सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। खास बात यह है कि भवानीपुर सीट पर ममता बनर्जी के खिलाफ मुस्लिम उम्मीदवार पूनम बेगम को उतारा गया है, जिससे यहां मुकाबला और दिलचस्प हो गया है।
ओवैसी ने बताया कि 25 मार्च को कोलकाता में हुमायूं कबीर के साथ संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस की जाएगी, हालांकि सीट शेयरिंग को लेकर अभी अंतिम फैसला नहीं हुआ है।
पहले भी रहा विवाद
हुमायूं कबीर और ममता बनर्जी के बीच पहले भी मतभेद सामने आ चुके हैं। मुर्शिदाबाद में बाबरी मस्जिद से जुड़े एक मुद्दे को लेकर विवाद बढ़ा था, जिसके बाद तृणमूल कांग्रेस ने कबीर को पार्टी से निष्कासित कर दिया था।
चुनाव की तारीखें घोषित
294 सदस्यीय पश्चिम बंगाल विधानसभा के लिए 23 और 29 अप्रैल को दो चरणों में मतदान होगा, जबकि मतगणना 4 मई को की जाएगी।







