
gmedianews24.com/बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के गंगालूर क्षेत्र में एक हायर सेकेंडरी स्कूल की तीन आदिवासी छात्राओं के गर्भवती होने का मामला सामने आने से हड़कंप मच गया है। ये छात्राएं पोटा केबिन आवासीय संस्था (आरएमएसए) में रहकर पढ़ाई कर रही थीं। इनमें दो छात्राएं कक्षा 12वीं और एक छात्रा कक्षा 11वीं की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार तीनों छात्राएं करीब पांच माह की गर्भवती हैं, जिनमें से दो छात्राएं नाबालिग हैं। मामले का खुलासा होने के बाद छात्राओं को करीब चार माह पहले ही छात्रावास से हटा दिया गया था। इसके बाद से वे नियमित रूप से स्कूल नहीं आ रही थीं।
हालांकि कक्षा 12वीं की दो छात्राओं ने शनिवार को अपनी अंतिम परीक्षा दी है। इस मामले के सामने आने के बाद क्षेत्र में गंभीर सवाल उठ रहे हैं और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
इस पूरे मामले पर हॉस्टल वार्डन ने कहा कि यह घटना उनके कार्यकाल की नहीं है। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मामले को गंभीर बताते हुए इसकी निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।







