
gmedianews24.com/बिलासपुर। जिले में एक युवती को शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने और आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपित युवक को गिरफ्तार कर लिया है। न्यायालय में पेशी के बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया है।
मामला मस्तूरी क्षेत्र के मल्हार से जुड़ा है। यहां रहने वाली युवती शुक्रवार सुबह धनगंवा स्थित एक घर में फांसी के फंदे पर लटकी मिली थी। जांच में सामने आया कि युवती मंगलवार को मेला देखने जाने के नाम पर घर से निकली थी और वापस नहीं लौटी।
बताया गया कि इसके बाद आरोपी राजू लहरिया ने युवती के परिजनों को फोन कर बताया कि वह उसके घर पर है और उसे ले जाने के लिए कहा। परिजनों के मना करने पर उसने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर युवती को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं मानी और पुलिस लौट गई।
गुरुवार रात आरोपी और उसका परिवार भोजन के बाद सो गया। शुक्रवार सुबह युवती का शव मिलने पर पुलिस को सूचना दी गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया, लेकिन परिजनों ने आरोपी की गिरफ्तारी की मांग करते हुए अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया और मल्हार चौकी के सामने विरोध प्रदर्शन किया।
इसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ शादी का झांसा देकर दुष्कर्म और आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया। आरोपी फरार हो गया था, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही थी। आखिरकार रविवार सुबह उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
फिलहाल पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।






