
gmedianews24.com/सुकमा जिला में नक्सल विरोधी अभियान के तहत सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। यहां कुल 15 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण कर दिया, जिनमें ओडिशा स्टेट कमेटी का सदस्य सुदर्शन भी शामिल बताया जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार ये सभी नक्सली लंबे समय से सरायपाली क्षेत्र के बलौदा जंगल इलाके में सक्रिय थे और नक्सली संगठन के लिए काम कर रहे थे। लगातार चल रहे ऑपरेशन और सरकार की आत्मसमर्पण नीति से प्रभावित होकर इन्होंने हिंसा का रास्ता छोड़ने का फैसला लिया।
हथियारों का जखीरा भी किया जमा
आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों ने सुरक्षाबलों के सामने हथियार भी सौंपे हैं। जानकारी के मुताबिक कुल 14 ऑटोमैटिक और देशी हथियार जमा कराए गए, जिनमें रायफल और अन्य घातक हथियार शामिल हैं।
पुलिस का कहना है कि ये नक्सली कई घटनाओं में शामिल रहे थे और लंबे समय से सुरक्षा एजेंसियों के लिए चुनौती बने हुए थे।
पुनर्वास नीति का मिलेगा लाभ
अधिकारियों ने बताया कि आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों को राज्य सरकार की पुनर्वास नीति के तहत सभी सुविधाएं दी जाएंगी, ताकि वे मुख्यधारा में लौटकर सामान्य जीवन जी सकें।







