
gmedianews24.com/कोरबा। कोरबा में करोड़ों रुपये की कथित ठगी का बड़ा मामला सामने आया है। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL) के अधिकारियों और उनके सहयोगियों पर रियल एस्टेट निवेश के नाम पर करोड़ों रुपये ठगने का आरोप लगा है। पीड़ितों ने मामले में पुलिस अधीक्षक से लिखित शिकायत कर एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।
तीन गुना मुनाफे का झांसा देकर ठगी का आरोप
शिकायत के अनुसार, धर्मेन्द्र कुमार सिंह (मुख्य प्रबंधक, खनन) जो SECL मुख्यालय बिलासपुर के भू-राजस्व विभाग में पदस्थ हैं, ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर निवेशकों को रियल एस्टेट में पैसा लगाने पर तीन गुना लाभ दिलाने का लालच दिया।
आरोप है कि उनके साथ रोहित कुमार जाटवर (रियल एस्टेट कारोबारी) और द्वारिका प्रसाद टंडन (वरिष्ठ प्रबंधक, मानव संसाधन) भी शामिल थे।
पीड़ितों का कहना है कि सुनियोजित तरीके से उन्हें निवेश के नाम पर कुल 2,28,81,197 रुपये (दो करोड़ अट्ठाईस लाख इक्यासी हजार एक सौ सत्तानवे रुपये) की ठगी का शिकार बनाया गया।
पुलिस से कार्रवाई की मांग
पीड़ितों ने पुलिस अधीक्षक को शिकायत सौंपकर आरोपियों के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज करने और सख्त कार्रवाई की मांग की है। शिकायत के साथ संबंधित दस्तावेज और लेनदेन से जुड़े प्रमाण भी प्रस्तुत किए गए हैं।
जांच की मांग तेज
मामले की गंभीरता को देखते हुए शिकायतकर्ताओं ने निष्पक्ष जांच और ठगी की रकम वापस दिलाने की मांग की है। फिलहाल पुलिस स्तर पर शिकायत की जांच की प्रक्रिया जारी बताई जा रही है।







