
gmedianews24.com/वॉशिंगटन। डोनाल्ड ट्रम्प ने अमेरिकी संसद अमेरिकी कांग्रेस में अपने दूसरे कार्यकाल का दूसरा ‘स्टेट ऑफ द यूनियन’ भाषण देते हुए ईरान पर गंभीर आरोप लगाए और कड़ी चेतावनी भी दी। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि ईरान प्रदर्शनकारियों पर हिंसा कर रहा है और ऐसे हथियार विकसित कर रहा है जो अमेरिका और उसके सहयोगियों के लिए खतरा बन सकते हैं।
ईरान पर 32 हजार प्रदर्शनकारियों को मारने का आरोप
ट्रम्प ने अपने भाषण में दावा किया कि ईरान ने हालिया विरोध प्रदर्शनों के दौरान 32 हजार लोगों को मार दिया। ये प्रदर्शन 28 दिसंबर से 14 जनवरी तक महंगाई और आर्थिक हालात के खिलाफ हुए थे। उन्होंने कहा कि अमेरिका इस स्थिति पर नजर रखे हुए है और जरूरत पड़ने पर कार्रवाई कर सकता है।
अमेरिका तक पहुंचने वाली मिसाइल बना रहा ईरान
ट्रम्प ने कहा कि ईरान पहले ही ऐसी मिसाइलें विकसित कर चुका है जो यूरोप और विदेशों में मौजूद अमेरिकी ठिकानों के लिए खतरा हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि ईरान अब ऐसी मिसाइल बनाने पर काम कर रहा है जो जल्द ही अमेरिका तक पहुंच सकती हैं।
न्यूक्लियर प्रोग्राम खत्म करने का दावा
राष्ट्रपति ट्रम्प ने कहा कि अमेरिका ने पिछले साल ईरान की न्यूक्लियर फैसिलिटी पर हमला कर उसका परमाणु कार्यक्रम पूरी तरह खत्म कर दिया। उन्होंने बताया कि अमेरिका पहले कूटनीति के जरिए समाधान चाहता था, लेकिन ईरान ने हथियार न बनाने की कोई गारंटी नहीं दी।
क्या होता है ‘स्टेट ऑफ द यूनियन’ भाषण?
अमेरिका में राष्ट्रपति हर साल जनवरी या फरवरी में कांग्रेस को संबोधित करते हैं। इस परंपरा को ‘स्टेट ऑफ द यूनियन’ कहा जाता है। इस दिन प्रतिनिधि सभा और सीनेट के सदस्य हाउस चैंबर में एक साथ इकट्ठा होते हैं। स्पीकर ऑफ द हाउस और उपराष्ट्रपति राष्ट्रपति के पीछे मंच पर बैठते हैं और औपचारिक घोषणा के बाद राष्ट्रपति देश की स्थिति और नीतियों पर भाषण देते हैं।







