
gmedianews24.com/भिंड। मध्य प्रदेश के भिंड जिले में शनिवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। गोहद चौराहा थाना के पास भिंड-ग्वालियर हाईवे (NH-719) पर सुबह करीब 4 बजे बारात से लौट रही तेज रफ्तार बस ने कार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में कार सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सात लोग घायल हो गए।
टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत-बचाव कार्य शुरू किया।
घायलों में से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें इलाज के लिए ग्वालियर रेफर किया गया है। अन्य घायलों का उपचार जारी है।
पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है।
बताया जा रहा है कि बस बारात छोड़कर वापस लौट रही थी, तभी रास्ते में यात्रियों से भरी कार से उसकी आमने-सामने भिड़ंत हो गई। फिलहाल मध्य प्रदेश पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है।







