
gmedianews24.com/जशपुर। जिले में नौकरी दिलाने के नाम पर बड़ी ठगी का मामला सामने आया है। खुद को कलेक्ट्रेट का बड़ा अधिकारी बताकर एक शातिर आरोपी ने दो परिवारों से कुल 4 लाख 35 हजार रुपए ठग लिए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को होटल से घेराबंदी कर गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
पुलिस ने आरोपी प्रदीप पंडा (28), निवासी सोडापाठ चौक, पुसौर, जिला रायगढ़ के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज किया है।
सुरक्षा गार्ड भर्ती का झांसा
जानकारी के मुताबिक 16 फरवरी 2026 को ग्राम इचकेला निवासी रोहित खाखा (23) ने कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि आरोपी ने रोहित की मां से पहचान बढ़ाई और खुद को कलेक्ट्रेट का बड़ा अधिकारी बताते हुए सुरक्षा गार्ड भर्ती का झांसा दिया।
पहले चरण में आरोपी ने 50 हजार रुपए लिए। कुछ दिन बाद वह फिर पहुंचा और कहा कि जॉइनिंग लेटर अगले दिन मिल जाएगा, लेकिन इसके लिए 1.50 लाख रुपए और देने होंगे। बेटे की नौकरी की उम्मीद में मां ने गांव की जमीन गिरवी रख रकम दे दी।
दूसरे परिवार को भी बनाया शिकार
आरोपी ने लालच में आकर एक और पद खाली होने का झांसा देकर ठूठीअंबा निवासी उमेश भगत की मां से संपर्क किया और उनसे भी 2 लाख 35 हजार रुपए ले लिए।
महीनों बाद खुली ठगी की पोल
जब महीनों तक जॉइनिंग लेटर नहीं मिला और आरोपी टालमटोल करने लगा, तब पीड़ितों को ठगी का एहसास हुआ। इसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचा, जहां कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है और ठगी से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।







