[metaslider id="31163"]
Featuredदेश

पीएम मोदी के संभावित इजरायल दौरे की तैयारी तेज, FTA और तकनीकी साझेदारी पर होगी चर्चा

gmedianews24.com/नई दिल्ली/यरूशलम। नरेंद्र मोदी के संभावित इजरायल दौरे को लेकर कूटनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई है। हालांकि अभी आधिकारिक तारीख घोषित नहीं हुई है, लेकिन संभावित कार्यक्रम 24–25 फरवरी बताया जा रहा है। यदि यह यात्रा होती है, तो 2017 के बाद प्रधानमंत्री मोदी का यह पहला इजरायल दौरा होगा।

इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने अपने संबोधन में इस संभावित यात्रा का जिक्र करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी अगले सप्ताह इजरायल आ सकते हैं और दोनों देशों के बीच सहयोग के विभिन्न क्षेत्रों पर चर्चा होगी। उन्होंने भारत और इजरायल के मजबूत संबंधों पर भी जोर दिया।

आधिकारिक घोषणा का इंतजार

दौरे को लेकर अभी विदेश मंत्रालय की ओर से औपचारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन इजरायल में तैयारियां शुरू होने की खबर है। जनवरी में भारत में इजरायल के राजदूत रयूवेन अजर ने भी पुष्टि की थी कि प्रधानमंत्री मोदी को आधिकारिक निमंत्रण दिया गया है और यात्रा की तैयारियां जारी हैं।

FTA और आर्थिक सहयोग पर फोकस

दोनों देश फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (FTA) पर बातचीत आगे बढ़ा रहे हैं। नवंबर 2025 में भारत के वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने इजरायल का दौरा कर आर्थिक और रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने पर चर्चा की थी। इस दौरान इजरायल के अर्थव्यवस्था और उद्योग मंत्री नीर बरकात के साथ ‘टर्म्स ऑफ रेफरेंस’ पर हस्ताक्षर किए गए थे।

2017 में हुआ था ऐतिहासिक दौरा

भारत और इजरायल के रिश्ते 2017 में प्रधानमंत्री मोदी की ऐतिहासिक यात्रा के दौरान रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक पहुंचे थे। 4 से 6 जुलाई 2017 तक चले इस दौरे में मोदी इजरायल जाने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री बने थे। यह यात्रा दोनों देशों के कूटनीतिक संबंधों के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर हुई थी।

तकनीक और इनोवेशन में बढ़ रहा सहयोग

तब से दोनों देश इनोवेशन, रिसर्च, टेक्नोलॉजी और ‘मेक इन इंडिया’ जैसे क्षेत्रों में सहयोग लगातार बढ़ा रहे हैं। यह साझेदारी तकनीक आधारित विकास और आर्थिक सहयोग को नई दिशा दे रही है।

Related Articles

Back to top button