
gmedianews24.com/बिलासपुर। बिलासपुर में बाइक चोर गिरोह तक पहुंचना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ था, लेकिन अब बिलासपुर रेंज में तैयार ‘सशक्त एप’ पुलिस के लिए बेहद कारगर साबित हो रहा है। इस एप की मदद से पुलिस ने महज 10 दिनों में 49 चोरी की बाइक बरामद कर ली हैं। इनमें सबसे ज्यादा 25 बाइक बिलासपुर जिले से मिली हैं।
ड्रिंक एंड ड्राइव जांच के दौरान भी इसी एप की मदद से पुलिस ने सिम्स परिसर से बाइक चोरी करने वाले गैंग का खुलासा करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया। एसएसपी रजनेश सिंह ने संदिग्ध वाहनों की जांच में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने शहर के सभी थाना प्रभारियों को चोरी की बाइकों की पूरी जानकारी सशक्त एप पर अपलोड करने को कहा है।
एसएसपी ने विवेचकों से लेकर जवानों तक सभी को संदिग्ध बाइकों की सघन जांच करने के निर्देश दिए हैं। थानों में तैनात पेट्रोलिंग टीम और बीट प्रभारी गश्त के दौरान अपने-अपने क्षेत्रों में संदिग्ध वाहनों की जांच कर रहे हैं। रात में अड्डेबाजों पर कार्रवाई और ड्रिंक एंड ड्राइव अभियान के दौरान भी बाइक जांच लगातार जारी है।
इसी बीच सरकंडा थाना क्षेत्र में देर रात ड्रिंक एंड ड्राइव जांच के दौरान पुलिस को नशे में धुत एक नाबालिग बाइक चलाते मिला। जब एप से वाहन नंबर की जांच की गई तो पता चला कि बाइक चोरी की है। इस चोरी की रिपोर्ट कोतवाली थाना में दर्ज थी। इसके बाद सरकंडा पुलिस ने नाबालिग को कोतवाली थाना प्रभारी देवेश राठौर को सौंप दिया।
पूछताछ के दौरान नाबालिग ने गिरोह के मास्टरमाइंड और अन्य सदस्यों की जानकारी दी। जांच में सामने आया कि गिरोह ने चोरी की एक बाइक बहतराई अटल आवास में रहने वाले व्यक्ति को बेच दी थी। पुलिस ने इस मामले में तीन लोगों के खिलाफ कार्रवाई की है।
पुलिस का मानना है कि सशक्त एप के जरिए चोरी के वाहनों की पहचान और बरामदगी में और तेजी आएगी।






