
gmedianews24.com/दुर्ग। जिले के अमलेश्वर थाना क्षेत्र में चोरों ने एक बिल्डिंग ठेकेदार के घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपए की चोरी को अंजाम दिया है। बताया जा रहा है कि चार से अधिक चोरों ने वारदात को अंजाम दिया, जिसमें सोने-चांदी के कीमती जेवरात और बड़ी मात्रा में नकदी चोरी कर ली गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम मोतीपुर खम्हरिया रोड निवासी राम स्वरूप साहू ने थाना अमलेश्वर में शिकायत दर्ज कराई है। पीड़ित ने बताया कि चोर घर के पीछे के दरवाजे से भीतर दाखिल हुए। मुख्य दरवाजे का ताला सुरक्षित था, लेकिन अंदर कमरे का लॉक टूटा हुआ मिला। घर के भीतर सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी का ताला तोड़कर जेवरात निकाल लिए गए।
पीड़ित के अनुसार, चोरी में 34 सोने के जेवर और 14 चांदी के जेवर शामिल हैं। पुलिस ने प्रारंभिक जांच में चोरी गए जेवरात की कीमत करीब 3 लाख 18 हजार 70 रुपए आंकी है। इसके अलावा लाखों रुपए नकद चोरी होने की भी जानकारी दी गई है। पीड़ित ने चोरी गए जेवरात से संबंधित 18 बिल भी पुलिस को सौंपे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही अमलेश्वर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं और क्षेत्र के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल इस बड़ी चोरी की घटना से इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।






