
gmedianews24.com/नई दिल्ली। केंद्रीय बजट से पहले सर्राफा बाजार में भारी उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। गोल्ड और सिल्वर मार्केट में लगातार दूसरे दिन गिरावट दर्ज की गई है। आज यानी 1 फरवरी को सुबह के कारोबार के दौरान मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर चांदी और सोने के दामों में तेज गिरावट आई।
MCX पर चांदी 26 हजार रुपये (करीब 9%) टूटकर 1 किलो के भाव 2,65,652 रुपये पर ट्रेड करती दिखी। वहीं सोने में भी 12 हजार रुपये (लगभग 8%) की गिरावट दर्ज की गई है। 10 ग्राम सोना 1.38 लाख रुपये के स्तर पर कारोबार कर रहा है। इसके अलावा सोने और चांदी के ETF में भी 29% तक की गिरावट देखी गई है।
दो दिन में सोना ₹31 हजार और चांदी ₹1.36 लाख सस्ती
बीते दो दिनों में कीमती धातुओं के दामों में बड़ी गिरावट आई है। MCX पर सोना दो दिन में करीब 31 हजार रुपये टूट चुका है। 29 जनवरी को सोना 1.69 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के ऑल टाइम हाई पर पहुंचा था, जो अब गिरकर 1.38 लाख रुपये पर आ गया है।
इसी तरह चांदी की कीमत में दो दिन में 1.36 लाख रुपये की गिरावट दर्ज की गई है। 29 जनवरी को चांदी 4.01 लाख रुपये प्रति किलो के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंची थी, जो अब गिरकर 2.65 लाख रुपये प्रति किलो पर ट्रेड कर रही है।
बाजार विशेषज्ञों के मुताबिक, बजट से पहले निवेशकों की मुनाफावसूली और वैश्विक संकेतों के चलते सोना-चांदी में यह तेज गिरावट देखने को मिल रही है। आने वाले दिनों में बजट घोषणाओं के बाद सर्राफा बाजार की दिशा और स्पष्ट होने की संभावना है।







