[metaslider id="31163"]
Featuredछत्तीसगढ़

‘सजग कोरबा, सतर्क कोरबा’ अभियान: स्कूल–कॉलेजों के आसपास पुलिस की सघन पेट्रोलिंग, कोटपा व एमवी एक्ट के तहत कार्रवाई

gmedianews24.com//कोरबा (छत्तीसगढ़)। जिले में अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और अवैध गतिविधियों पर सख्त अंकुश लगाने के उद्देश्य से “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत कोरबा पुलिस ने सघन एवं ताबड़तोड़ कार्रवाई की। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर जिले के सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों में स्कूल–कॉलेजों के आसपास विशेष पेट्रोलिंग कर सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ की गई।

निर्देशों के पालन में स्कूल एवं कॉलेजों की छुट्टी के समय पुलिस बल की विशेष तैनाती की गई, ताकि अड्डेबाजी, अनुशासनहीनता और असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाई जा सके। इसी क्रम में प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक आस्था शर्मा के नेतृत्व में थाना सिविल लाइन रामपुर क्षेत्र अंतर्गत विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के आसपास विशेष निगरानी रखी गई।

पुलिस ने नियमों का उल्लंघन करने वालों को समझाइश दी और आदतन रूप से अनुशासनहीन गतिविधियों में संलिप्त पाए गए व्यक्तियों के विरुद्ध विभिन्न अधिनियमों के तहत वैधानिक कार्रवाई की। अभियान के दौरान थाना सिविल लाइन रामपुर क्षेत्र में कोटपा एक्ट के तहत 6 प्रकरणों में कार्रवाई की गई, वहीं मोटर व्हीकल एक्ट के तहत 2 प्रकरणों में चालानी कार्रवाई की गई।

इसके अलावा ब्लू बर्ड स्कूल के समीप तंबाकूजन्य सामग्री का विक्रय करते पाए जाने पर एक ठेले को बंद कराया गया। यह कार्रवाई विद्यार्थियों को नशे से दूर रखने और स्कूल परिसर के आसपास सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से की गई।

कोरबा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत आगे भी इसी प्रकार की सतत, सघन और सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि जिले में कानून-व्यवस्था मजबूत बनी रहे और विद्यार्थियों सहित आम नागरिकों को सुरक्षित माहौल मिल सके।

Related Articles

Back to top button