
gmedianews24.com//नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को वेनेजुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज से टेलीफोन पर बातचीत की। इस दौरान दोनों नेताओं ने भारत और वेनेजुएला के बीच द्विपक्षीय संबंधों को और अधिक मजबूत करने तथा विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग विस्तार पर चर्चा की।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जानकारी साझा करते हुए कहा कि दोनों पक्षों ने सभी क्षेत्रों में द्विपक्षीय साझेदारी को सुदृढ़ और विस्तारित करने पर सहमति जताई है। साथ ही भारत-वेनेजुएला संबंधों को भविष्य में नई ऊंचाइयों तक ले जाने का लक्ष्य तय किया गया है।
इससे पहले विदेश मंत्रालय ने 4 जनवरी को वेनेजुएला में चल रहे घटनाक्रम पर चिंता जताई थी। मंत्रालय ने कहा था कि भारत वहां की स्थिति पर करीब से नजर बनाए हुए है और वेनेजुएला के लोगों की सुरक्षा एवं समर्थन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराता है। भारत ने सभी पक्षों से बातचीत के माध्यम से शांति और स्थिरता बनाए रखने की अपील भी की थी। मंत्रालय ने बताया था कि कराकस स्थित भारतीय दूतावास वहां रह रहे भारतीय समुदाय के संपर्क में है और हरसंभव सहायता प्रदान की जा रही है।
गौरतलब है कि हाल के दिनों में अमेरिका की ओर से वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी की गिरफ्तारी के बाद देश में राजनीतिक हालात तेजी से बदले हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने स्वयं मादुरो की गिरफ्तारी की जानकारी दी थी। बताया गया कि अमेरिकी सैन्य बलों ने मादुरो को गिरफ्तार कर अमेरिका ले जाकर न्यूयॉर्क में ड्रग तस्करी और आतंकवाद से जुड़े मामलों में मुकदमा शुरू किया है।
इन घटनाओं के बाद वेनेजुएला की सत्ता की कमान कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज ने संभाली। हाल ही में वेनेजुएला की सेना और पुलिस ने सार्वजनिक रूप से उनके प्रति अपनी निष्ठा जताई है। डेल्सी रोड्रिगेज ने अमेरिका पर पूर्व राष्ट्रपति और उनकी पत्नी के “अपहरण” का आरोप लगाते हुए इसे दोनों देशों के रिश्तों पर धब्बा बताया था और कहा था कि इस मुद्दे का समाधान कूटनीतिक बातचीत से ही किया जाना चाहिए।
भारत और वेनेजुएला के शीर्ष नेतृत्व के बीच हुई यह बातचीत ऐसे समय में हुई है, जब वेनेजुएला अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गंभीर राजनीतिक और कूटनीतिक चुनौतियों से जूझ रहा है।







