
gmedianews24.com/बारामती/पुणे। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार का पार्थिव शरीर पुणे जिले के बारामती स्थित काटेवाड़ी में उनके आवास लाया गया है। यहां परिजनों के साथ-साथ पार्टी के वरिष्ठ नेता, कार्यकर्ता और आम लोग उनके अंतिम दर्शन कर रहे हैं। गुरुवार सुबह 9 बजे उनकी अंतिम यात्रा निकाली जाएगी।
सुबह 11 बजे बारामती के विद्या प्रतिष्ठान मैदान में पूरे राजकीय सम्मान के साथ अजित पवार का अंतिम संस्कार किया जाएगा। इस दौरान महाराष्ट्र सरकार का पूरा मंत्रिमंडल मौजूद रहेगा। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के भी अंतिम संस्कार में शामिल होने की जानकारी है। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अब तक नहीं हुई है।
बताया गया है कि पवार का पूरा परिवार बारामती स्थित उनके आवास पर पहुंच चुका है। इससे पहले बुधवार रात उनका पार्थिव शरीर विद्या प्रतिष्ठान मैदान में अंतिम दर्शन के लिए रखा गया था, जहां बड़ी संख्या में लोग उन्हें श्रद्धांजलि देने पहुंचे। इसके बाद पार्थिव शरीर को पुण्यश्लोक अहिल्यादेवी होलकर शासकीय मेडिकल कॉलेज ले जाया गया था।
गौरतलब है कि बुधवार सुबह करीब 8.45 बजे अजित पवार का चार्टर्ड विमान बारामती एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान क्रैश हो गया था। इस दर्दनाक हादसे में अजित पवार सहित कुल 5 लोगों की मौत हो गई, जिनमें उनके सुरक्षाकर्मी, दो पायलट और एक महिला क्रू सदस्य शामिल हैं। अजित पवार की उम्र 66 वर्ष थी।
बताया जा रहा है कि अजित पवार 5 फरवरी को पुणे में होने वाले जिला परिषद चुनाव के मद्देनजर चार चुनावी रैलियों को संबोधित करने वाले थे। उनके आकस्मिक निधन से राज्य की राजनीति में शोक की लहर है। महाराष्ट्र सरकार ने उनके सम्मान में प्रदेश भर में तीन दिन का राजकीय शोक घोषित किया है।







