[metaslider id="31163"]
Featuredदेश

महाराष्ट्र को बड़ा झटका: डिप्टी सीएम अजित पवार का विमान हादसे में निधन, राजनीति में शोक की लहर

gmedianews24.com/मुंबई/बारामती। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और एनसीपी के वरिष्ठ नेता अजित पवार का 66 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। बुधवार सुबह वे मुंबई से बारामती के लिए विशेष विमान से रवाना हुए थे, लेकिन लैंडिंग के दौरान तकनीकी खराबी आने से विमान हादसे का शिकार हो गया। इस हादसे में अजित पवार की मौत हो गई। उनके निधन की खबर मिलते ही पवार परिवार, समर्थकों और पूरे राज्य में शोक की लहर दौड़ गई है।

महाराष्ट्र की राजनीति में “दादा” के नाम से मशहूर अजित पवार के अचानक चले जाने से सियासी समीकरणों में बड़ा बदलाव माना जा रहा है। उनके निधन को राज्य की राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति बताया जा रहा है।

अजित पवार का सियासी सफर करीब 35 वर्षों का रहा। वे आठ बार महाराष्ट्र विधानसभा के सदस्य रहे और छह बार राज्य के उपमुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी संभाली। इसके अलावा वे महाराष्ट्र में सबसे अधिक बार बजट पेश करने वाले वित्त मंत्री के रूप में भी जाने जाते थे। जल संसाधन, ऊर्जा जैसे अहम विभागों की जिम्मेदारी निभाते हुए उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई।

हालांकि अजित पवार ने राजनीति का ककहरा अपने चाचा और दिग्गज नेता शरद पवार की छत्रछाया में सीखा, लेकिन आगे चलकर उन्होंने अलग राजनीतिक राह चुनी। शरद पवार से अलग होकर उन्होंने न सिर्फ बारामती में अपना वर्चस्व कायम रखा, बल्कि राज्य की राजनीति में खुद को एक मजबूत और प्रभावशाली नेता के रूप में स्थापित किया।

उनके निधन के बाद सबसे बड़ा सवाल यह खड़ा हो गया है कि अब अजित पवार के नेतृत्व वाली एनसीपी की कमान कौन संभालेगा। शरद पवार की बेटी सुप्रिया सुले की राजनीति में एंट्री के बाद पार्टी के भीतर पहले ही समीकरण बदल चुके थे, और अब अजित पवार के जाने से यह सवाल और गहरा हो गया है।

अजित पवार के आकस्मिक निधन से महाराष्ट्र की राजनीति में एक बड़ा खालीपन पैदा हो गया है, जिसकी भरपाई आसान नहीं मानी जा रही।

Related Articles

Back to top button