[metaslider id="31163"]
Featuredछत्तीसगढ़

जानलेवा स्टंट, वायरल वीडियो के बाद पुलिस की त्वरित कार्रवाई, कार जब्त

gmedianews24.com/बिलासपुर। शहर के सबसे व्यस्त गांधी चौक रोड पर सोशल मीडिया के लिए की गई जानलेवा स्टंटबाजी का मामला सामने आया है। वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए सिटी कोतवाली पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए हुंडई i-20 कार (क्रमांक CG12 BT 1243) को जब्त कर लिया है और आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

वायरल वीडियो में कार सवार युवक चलते वाहन की खिड़कियों पर बैठकर खतरनाक स्टंट करते नजर आए। इस लापरवाही से न सिर्फ वाहन सवारों बल्कि सड़क पर चल रहे आम लोगों की जान भी गंभीर खतरे में पड़ गई। पुलिस जांच में सामने आया कि यह स्टंट इंस्टाग्राम पर वीडियो वायरल करने के उद्देश्य से किया गया था।

मामले में आरोपी वंश सक्तेल, कुनाल साहू, शाहरूख इरानी और वाहन चालक हर्षवर्धन सिंह की पहचान की गई है। सिटी कोतवाली पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281 एवं 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया है। साथ ही मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 184 (खतरनाक ड्राइविंग) और 189 के तहत भी कार्रवाई की गई है।

पुलिस ने घटना में प्रयुक्त कार को जब्त कर लिया है और वाहन चालक के ड्राइविंग लाइसेंस को निलंबित करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि सार्वजनिक स्थानों पर स्टंटबाजी और सोशल मीडिया पर लोकप्रियता के लिए की जाने वाली ऐसी जानलेवा हरकतें किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। भविष्य में भी इस तरह के मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Related Articles

Back to top button