
gmedianews24.com/रायपुर — युवाओं में तेजी से बढ़ते नशे के चलन, विशेषकर गांजा (Marijuana) के सेवन पर रोक लगाने के लिए रायपुर पुलिस ने बड़ा प्रहार किया है। पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के कड़े निर्देश और पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) मयंक गुर्जर (IPS) के मार्गदर्शन में शहर में व्यापक कार्रवाई की गई।
रोलिंग पेपर और चिलम बेचने वाले ठेले-गुमटियों पर कार्रवाई
जांच के दौरान सामने आया कि शहर के कई पान ठेले और गुमटियां युवाओं को गांजा पीने के लिए उपयोग होने वाले गोगो/रोलिंग पेपर और चिलम खुलेआम बेच रहे थे। पुलिस ने इस नेटवर्क पर कार्रवाई करते हुए करीब 2 लाख रुपये मूल्य के भारी मात्रा में रोलिंग पेपर जब्त किए हैं। इनका उपयोग गांजे की सिगरेट (जॉइंट) बनाने में किया जाता है, जो युवाओं के स्वास्थ्य और भविष्य के लिए गंभीर खतरा माना जा रहा है।
COTPA एक्ट के तहत सख्त कदम
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आकाश मरकाम एवं सहायक पुलिस आयुक्त (उरला) पूर्णिमा लामा के नेतृत्व में नॉर्थ जोन की टीमों ने COTPA एक्ट (Cigarette and Other Tobacco Products Act) के उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई की।
शैक्षणिक संस्थानों के आसपास और सार्वजनिक स्थानों पर अवैध रूप से नशे से जुड़ी सामग्री बेचने वाले 9 प्रतिष्ठानों को सील कर बंद कराया गया है।
सप्लाई चेन का खुलासा, बड़ी कार्रवाई की तैयारी
पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि जब्त रोलिंग पेपर और हुक्का फ्लेवर की खेप किन थोक विक्रेताओं और सप्लायरों से शहर में पहुंच रही थी। पूछताछ में कई मुख्य स्रोतों (Backward Linkage) के नाम सामने आए हैं। पुलिस का कहना है कि इन मुख्य कड़ियों पर जल्द ही छापेमारी की जाएगी।







