
gmedianews24.com//नई दिल्ली। भारत ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को लेकर झूठे और स्वार्थपूर्ण बयान देने पर पाकिस्तान को करारा जवाब दिया। भारत ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि आतंकवाद को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जा सकता और पाकिस्तान द्वारा आतंकवाद को सरकारी नीति के हथियार के रूप में इस्तेमाल किया जाना अस्वीकार्य है।
संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि राजदूत पर्वतनेनी हरीश ने पाकिस्तान के राजदूत आसिम इफ्तिखार अहमद की टिप्पणियों पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि पाकिस्तान की ओर से आतंकवाद का लगातार समर्थन और उसका औजार की तरह इस्तेमाल अंतरराष्ट्रीय शांति एवं सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा है।
पाकिस्तान के झूठे दावों को भारत ने किया खारिज
सोमवार को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में ‘अंतरराष्ट्रीय विधि-शासन की पुनर्पुष्टि: शांति, न्याय और बहुपक्षवाद को पुनर्जीवित करने के मार्ग’ विषय पर आयोजित खुली बहस के दौरान पाकिस्तान के प्रतिनिधि ने ऑपरेशन सिंदूर, जम्मू-कश्मीर और सिंधु जल संधि को लेकर टिप्पणी की थी। भारत ने इन बयानों को तथ्यों से परे और भ्रामक बताते हुए सिरे से खारिज कर दिया।
आतंकवाद पर भारत की दो टूक
राजदूत पर्वतनेनी हरीश ने कहा कि पाकिस्तान को पहले अपने देश में पनप रहे आतंकवाद पर ध्यान देना चाहिए, बजाय इसके कि वह अंतरराष्ट्रीय मंचों पर झूठे आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय समुदाय पाकिस्तान के दोहरे रवैये को भली-भांति जानता है।







