[metaslider id="31163"]
Featuredदेश

बजट सत्र से पहले आज सर्वदलीय बैठक, विधायी एजेंडे पर बनेगी सहमति

gmedianews24.com/नई दिल्ली। संसद के बजट सत्र से पहले केंद्र सरकार ने आज एक सर्वदलीय बैठक बुलाई है। संसदीय कार्य मंत्री किरण रिजिजू के अनुसार, यह बैठक रक्षा मंत्री की अध्यक्षता में संसद भवन एनेक्सी के मेन कमेटी रूम में आयोजित की जाएगी। बैठक में 35 से अधिक राजनीतिक दलों के सांसदों के शामिल होने की संभावना है। बैठक का उद्देश्य बजट सत्र के दौरान सरकार के विधायी और अन्य महत्वपूर्ण एजेंडों पर चर्चा कर सहयोग सुनिश्चित करना है।

28 जनवरी से शुरू होगा बजट सत्र
संसद का बजट सत्र 28 जनवरी को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के लोकसभा और राज्यसभा की संयुक्त बैठक को संबोधित करने के साथ शुरू होगा। इसके बाद 1 फरवरी को केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण लोकसभा में केंद्रीय बजट पेश करेंगी। खास बात यह है कि इस बार 1 फरवरी रविवार को बजट पेश किया जाएगा।

राष्ट्रपति के अभिभाषण पर 3 दिन चर्चा
बजट सत्र के दौरान लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा के लिए 2 से 4 फरवरी तक अस्थायी रूप से तीन दिन तय किए गए हैं। वहीं 28 जनवरी और 1 फरवरी को शून्यकाल नहीं होगा।

निर्मला सीतारमण का लगातार नौवां बजट
वर्ष 2026 का बजट वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का लगातार नौवां बजट होगा। वे 7.4 प्रतिशत की अनुमानित विकास दर और वैश्विक स्तर पर बनी जियो-पॉलिटिकल अनिश्चितताओं के बीच बजट पेश करेंगी। यह मोदी 3.0 सरकार का तीसरा पूर्ण बजट होगा।

2 अप्रैल तक चलेगा बजट सत्र
बजट सत्र 28 जनवरी से 2 अप्रैल तक चलेगा। इस दौरान एक इंटर-सेशन ब्रेक भी रहेगा।

  • पहला चरण: 28 जनवरी से 13 फरवरी

  • दूसरा चरण: 9 मार्च से 2 अप्रैल
    पूरे बजट सत्र में कुल 30 बैठकें प्रस्तावित हैं।

इन विधेयकों पर हो सकती है चर्चा
बजट सत्र के दौरान लोकसभा में 9 विधेयक लंबित हैं, जिन पर चर्चा की संभावना है। इनमें प्रमुख रूप से—

  • विकसित भारत शिक्षा अधिष्ठान विधेयक 2025

  • प्रतिभूति बाजार संहिता विधेयक 2025

  • संविधान (129वां संशोधन) विधेयक 2024
    शामिल हैं। ये विधेयक फिलहाल संसदीय स्थायी या प्रवर समितियों में विचाराधीन हैं।

Related Articles

Back to top button