
gmedianews24.com/कोलकाता। पश्चिम बंगाल के साउथ 24 परगना जिले में सोमवार तड़के बड़ा हादसा हो गया। यहां दो गोदामों में भीषण आग लगने से कम से कम 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई मजदूरों के लापता होने की आशंका जताई जा रही है। हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
पुलिस के मुताबिक, आग सोमवार सुबह करीब 3 बजे लगी। आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 12 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब 7 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सुबह लगभग 10 बजे आग पर काबू पाया गया। हालांकि गोदाम के कुछ हिस्सों में देर शाम तक धुआं उठता रहा और आग की लपटें दिखाई देती रहीं।
शाम तक मिले शव, पहचान मुश्किल
तलाशी और बचाव कार्य के दौरान शाम करीब 5 बजे तीन शव बरामद किए गए। इसके बाद मलबे की गहन तलाशी में पांच और शव निकाले गए। इस तरह मृतकों की संख्या आठ पहुंच गई है।
बारुईपुर पुलिस जिला के पुलिस अधीक्षक शुभेंदु कुमार ने बताया कि सभी शव बुरी तरह झुलसे हुए हैं, जिससे उनकी पहचान करना फिलहाल संभव नहीं हो पा रहा है।
कई मजदूरों के फंसे होने की आशंका
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, गोदामों में बड़ी संख्या में मजदूर काम कर रहे थे। आशंका जताई जा रही है कि आग लगने के समय कुछ मजदूर अंदर ही फंस गए, जिनकी तलाश जारी है।






