[metaslider id="31163"]
Featuredछत्तीसगढ़

कोरबा में कानून व्यवस्था पर सवाल: मारपीट और बच्चे की जान जोखिम में डालने के वीडियो वायरल, पुलिस जांच में जुटी

gmedianews24.com/कोरबा। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र से मारपीट और एक मासूम बच्चे की जान जोखिम में डालकर सवारी कराने के कई वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। इन वीडियो को लेकर आमजन में आक्रोश और चिंता दोनों देखी जा रही है। एक मामले में पीड़ित पक्ष ने पुलिस में शिकायत भी दर्ज कराई है, जबकि अन्य मामलों की जांच की जा रही है।

सोनालिया चौक के पास युवक की बेरहमी से पिटाई
पहली घटना कोरबा मुख्य मार्ग स्थित सोनालिया चौक पार्किंग के पास की बताई जा रही है। वायरल वीडियो में आधा दर्जन से अधिक लोग एक युवक की बेरहमी से पिटाई करते नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि बालको से कोरबा आए कुछ स्कूली छात्रों का कोरबा के ही एक छात्र से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया।
करीब 15 मिनट तक चले इस हंगामे के दौरान अपशब्दों का भी इस्तेमाल किया गया। राहगीरों ने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया, जिसके बाद मामला वायरल हो गया।
मारपीट का शिकार हुए युवक ने अपने परिजनों के साथ कोतवाली थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है। कोतवाली थाना प्रभारी एमबी पटेल ने बताया कि शिकायत प्राप्त हुई है और मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

थार एक्सीडेंट के बाद चालक की पिटाई
दूसरी घटना भी कोतवाली थाना क्षेत्र के मुख्य मार्ग की है। यहां एक लाल रंग की थार गाड़ी के एक्सीडेंट के बाद कुछ लोगों ने चालक को वाहन से बाहर निकालकर पीटना शुरू कर दिया। हैरानी की बात यह रही कि गाड़ी में एक बच्चा भी मौजूद था, जिसके सामने ही यह पूरी घटना हुई। इस मारपीट का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

एक्टिवा में मासूम की खतरनाक सवारी
तीसरा वीडियो बस स्टैंड के पास का बताया जा रहा है, जिसमें एक व्यक्ति एक्टिवा चला रहा है। एक्टिवा की पिछली सीट पर सामान रखा है और उसी के बगल में पायदान पर एक मासूम बच्चे को खड़ा कर तेज रफ्तार में वाहन चलाया जा रहा है। पीछे से आ रहे एक बाइक सवार ने इस खतरनाक सवारी का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।

Related Articles

Back to top button