बालोतरा में भारतमाला एक्सप्रेस-वे पर दर्दनाक हादसा, मिनी ट्रक ने पैदल यात्रियों को कुचला, 3 की मौत

gmedianews24.com/बालोतरा। राजस्थान के बालोतरा जिले में रविवार रात भारतमाला एक्सप्रेस-वे पर दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ। एक तेज रफ्तार मिनी ट्रक ने पैदल जा रहे श्रद्धालुओं को रौंद दिया, जिसमें 3 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 3 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार सभी पीड़ित जसोल स्थित राणी भटियाणी माता मंदिर के दर्शन के लिए पैदल यात्रा पर निकले थे। यात्रियों के पीछे सुरक्षा के लिहाज से एक बोलेरो वाहन चल रहा था। इसी दौरान तेज गति से आए मिनी ट्रक ने पहले बोलेरो को टक्कर मारी, जिसके बाद बोलेरो सहित आगे चल रहे श्रद्धालुओं को करीब 100 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया।
हादसा उस वक्त थमा जब मिनी ट्रक बैरिकेड से टकराकर रुक गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत अस्पताल भिजवाया। वहीं मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
पुलिस ने मिनी ट्रक को जब्त कर लिया है और चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।







