
gmedianews24.com/कोलकाता। पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के दक्षिण-पश्चिमी इलाके सारखेरबाजार में रविवार शाम तृणमूल कांग्रेस (TMC) और भारतीय जनता पार्टी (BJP) समर्थकों के बीच हिंसक झड़प हो गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार विवाद स्थानीय क्लब में तेज आवाज में माइक चलाने को लेकर शुरू हुआ, जो देखते-देखते राजनीतिक टकराव में बदल गया।
भाजपा ने आरोप लगाया है कि TMC कार्यकर्ताओं ने पार्टी के जनसभा मंच में आग लगा दी। इसी मंच पर दिन में त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री और BJP के पश्चिम बंगाल चुनाव सह-प्रभारी बिप्लब देब ने जनसभा को संबोधित किया था। झड़प के दौरान मंच के पास रखी कुर्सियों को भी तोड़ दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की एक गाड़ी मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया गया। अधिकारियों के मुताबिक घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
TMC विधायक का बयान
बेहाला पूरब से TMC विधायक रत्ना चटर्जी ने आरोप लगाया कि बैडमिंटन टूर्नामेंट के दौरान BJP समर्थकों ने क्लब के सदस्यों से बदसलूकी की। उन्होंने कहा कि जिस तरह की हरकतें की गईं, उसके जवाब में तृणमूल कांग्रेस सख्त रुख अपनाएगी।
केंद्रीय मंत्री का आरोप
केंद्रीय राज्य मंत्री और पश्चिम बंगाल BJP अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर कहा कि TMC के कार्यकर्ताओं ने BJP के मंच पर हमला कर तोड़फोड़ की और आग लगा दी। उन्होंने ममता बनर्जी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य की कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है।







