
gmedianews24.com/पेंड्रा (छत्तीसगढ़): गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के खोडरी चौकी क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम रानीझाप में शनिवार सुबह एक ऐसी घटना घटी, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। एक विधवा महिला को न केवल निर्वस्त्र कर बेरहमी से पीटा गया, बल्कि उसे अपमानित करने के लिए चेहरे पर गोबर पोतकर पूरे गांव में घुमाया गया।
क्या है पूरा मामला?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रानीझाप निवासी 35 वर्षीय विधवा महिला का गांव के ही एक शादीशुदा व्यक्ति, हरि प्रसाद राठौर (35) के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। करीब एक साल पहले अपने पति को खो चुकी महिला, बीती 29 अक्टूबर को हरि प्रसाद के साथ गांव से भाग गई थी। दोनों मध्य प्रदेश के शहडोल जिले में छिपकर रह रहे थे।
चौकी में सहमति के बाद भी भड़का गुस्सा
शुक्रवार को जब यह प्रेमी जोड़ा गांव वापस लौटा, तो विवाद की स्थिति बन गई। मामला खोडरी पुलिस चौकी तक पहुँचा। बताया जा रहा है कि चौकी में महिला ने हरि प्रसाद के साथ ही रहने की इच्छा जताई थी, जिसके बाद वे गांव लौट आए। शुक्रवार की रात उन्होंने गांव के ही एक व्यक्ति भुल्लन गोंड़ के घर में शरण ली थी।
शनिवार की सुबह हुई दरिंदगी
शनिवार सुबह करीब 10 बजे, हरि प्रसाद के परिजन—जिनमें उसकी पत्नी सरोज राठौर, भाई मनोज और यशोदा राठौर शामिल थे—लाठी-डंडों के साथ वहां पहुंचे। उन्होंने महिला को घर से खींचकर निकाला और उसकी जमकर पिटाई की। आक्रोश इतना अधिक था कि उन्होंने महिला को निर्वस्त्र कर दिया और पूरे गांव की सड़कों पर घुमाया। इस दौरान महिला पर गोबर भी पोता गया और उसे पीटते हुए गांव के काली मंदिर तक ले जाया गया।







