
gmedianews24.com/धार (मध्य प्रदेश)। मध्य प्रदेश के धार जिले स्थित विवादित धार्मिक स्थल भोजशाला में शुक्रवार को बसंत पंचमी के अवसर पर पूजा और नमाज के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के तहत दिनभर कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच दोनों समुदायों के धार्मिक कार्यक्रम संपन्न कराए जा रहे हैं।
सुबह सूर्योदय के साथ ही हिंदू श्रद्धालुओं ने मां वाग्देवी (सरस्वती) की पूजा शुरू कर दी। मंदिर परिसर में हवन, जप और पाठ का सिलसिला जारी है, जो सूर्यास्त तक चलेगा। वहीं, भोजशाला के एक अलग निर्धारित क्षेत्र में दोपहर 1 बजे से 3 बजे तक जुमे की नमाज अदा की जाएगी।
आमतौर पर बसंत पंचमी पर पूजा और जुमे के दिन नमाज की अनुमति दी जाती है, लेकिन इस वर्ष दोनों एक ही दिन पड़ने के कारण तनाव की आशंका को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।
8000 से ज्यादा जवान तैनात, हाईटेक निगरानी
कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्थानीय पुलिस के साथ सीआरपीएफ और रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) के 8000 से अधिक जवान तैनात किए गए हैं। पूरे क्षेत्र की सीसीटीवी कैमरों, ड्रोन और AI तकनीक से निगरानी की जा रही है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए त्वरित प्रतिक्रिया दल भी अलर्ट मोड पर है।
सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर व्यवस्था
गुरुवार को सुप्रीम कोर्ट ने हिंदू फ्रंट फॉर जस्टिस की याचिका पर सुनवाई करते हुए हिंदू पक्ष को सूर्योदय से सूर्यास्त तक पूजा की पूरी छूट दी थी। साथ ही मुस्लिम पक्ष को दोपहर 1 से 3 बजे तक जुमे की नमाज अदा करने की अनुमति दी गई। कोर्ट ने प्रशासन को शांति, सौहार्द और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए थे।







