
gmedianews24.com/मिर्जापुर। उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में जिम की आड़ में जबरन धर्म परिवर्तन, यौन शोषण और उगाही का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक जिम मालिक समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। एहतियातन पुलिस ने जिले में संचालित चार जिम को सील कर दिया है।
मामला सदर तहसील कॉलोनी में संचालित केजीएन जिम से जुड़ा है। पुलिस के अनुसार, दो महिलाओं ने शिकायत दर्ज कराई थी कि जिम संचालक और ट्रेनर ने पहले उनसे दोस्ती की, फिर प्रेम जाल में फंसाकर जबरन धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया। आरोप है कि इसके बाद महिलाओं का यौन शोषण किया गया और अश्लील वीडियो बनाकर उन्हें ब्लैकमेल करते हुए पैसे की उगाही की गई।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज की थी। जांच के दौरान आरोप सही पाए जाने पर पुलिस ने मोहम्मद शेख अली, फैसल खान, जहीर और सादाब को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
हिंदू संगठनों ने लगाए गंभीर आरोप
हिंदू जागरण मंच के जिला संयोजक केसरवानी ने मीडिया से बातचीत में दावा किया कि केजीएन जिम पिछले 10–12 वर्षों से संचालित हो रहा था और इसकी तीन से चार शाखाएं थीं। उन्होंने आरोप लगाया कि संगठन को लंबे समय से यहां कथित ‘लव जिहाद’ की गतिविधियों की जानकारी मिल रही थी। पीड़ित परिवारों से संपर्क के बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ, जिसके बाद सख्त कार्रवाई की मांग की गई।
भाजपा ओबीसी मोर्चा के जिला मंत्री कमलेश मौर्य ने भी आरोप लगाया कि जिम में आने वाली अधिकांश महिलाएं हिंदू थीं और पिछले कुछ समय से जबरन धर्म परिवर्तन की घटनाएं सामने आ रही थीं।
मकान मालिक ने जताई अनभिज्ञता
जिस मकान में जिम संचालित हो रहा था, उसके मालिक अजय कुमार दुबे ने बताया कि उन्होंने इमरान खान को किराए पर जगह दी थी और उन्हें जिम के अंदर होने वाली गतिविधियों की कोई जानकारी नहीं थी। उन्होंने कहा कि यदि आरोप सही साबित होते हैं तो आरोपी से तत्काल जगह खाली कराई जाएगी।
पुलिस का बयान
एसपी सिटी नितेश सिंह ने बताया कि देहात कोतवाली पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और अन्य संलिप्त लोगों के खिलाफ भी जल्द कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए संबंधित जिम को सील कर दिया गया है।







