
gmedianews24.com/प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में बुधवार दोपहर एयरफोर्स का एक ट्रेनिंग माइक्रोलाइट एयरक्राफ्ट दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसा दोपहर करीब 12:20 बजे केपी कॉलेज के पीछे शहर के बीचों-बीच हुआ, जहां एयरक्राफ्ट हवा में डगमगाने के बाद एक तालाब में गिर गया। राहत की बात यह रही कि 2-सीटर एयरक्राफ्ट में सवार दोनों पायलट पूरी तरह सुरक्षित हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विमान के क्रैश होने से पहले ही दोनों पायलटों ने पैराशूट के जरिए छलांग लगा दी, जिससे उनकी जान बच गई। पैराशूट से उतरते समय दोनों पायलट तालाब में गिर गए और दलदल में फंस गए, जिन्हें आसपास मौजूद लोगों ने बाहर निकाला।
जिस तालाब में एयरक्राफ्ट गिरा है, वहां चारों ओर जलकुंभी फैली हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही सेना, फायर ब्रिगेड, एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंच गईं और रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। एयरक्राफ्ट तक पहुंचने के लिए राहत कार्य जारी है।
डिफेंस विंग कमांडर के पीआरओ देबार्थों धर ने बताया कि माइक्रोलाइट एयरक्राफ्ट ने दोपहर 12:15 बजे बमरौली एयरफोर्स स्टेशन से उड़ान भरी थी, लेकिन उड़ान के दौरान उसमें तकनीकी खराबी आ गई। पायलटों ने सूझबूझ दिखाते हुए विमान को सुनसान इलाके की ओर मोड़ा, जिससे किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
उन्होंने बताया कि हादसे के कारणों की जांच के लिए कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी के आदेश दे दिए गए हैं। फिलहाल पूरे मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।







