[metaslider id="31163"]
Featuredछत्तीसगढ़

स्कूल परिसर में तंत्र-मंत्र की संदिग्ध गतिविधि, इलाके में फैली दहशत

gmedianews24.com/कवर्धा। जिले के पिपरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत गुढ़ा हायर सेकेंडरी स्कूल परिसर में तंत्र-मंत्र से जुड़ी संदिग्ध गतिविधि सामने आने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। स्कूल परिसर में एक पेड़ के नीचे एक बच्चे की फोटो रखकर तांत्रिक क्रिया किए जाने की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि फोटो में दिख रहा बच्चा करीब 20 साल पहले की मौत का शिकार हो चुका है।

जानकारी के अनुसार, स्कूल स्टाफ और स्थानीय लोगों ने जब पेड़ के नीचे बच्चे की फोटो के साथ तंत्र-मंत्र से जुड़ी सामग्री देखी तो वे हैरान रह गए। मामले की सूचना तत्काल ग्रामीणों और पुलिस को दी गई। जांच में सामने आया है कि जिस बच्चे की फोटो मिली है, वह पाठक परिवार का है और उसकी मौत 20 वर्ष पूर्व हो चुकी थी। परिजनों ने उसकी स्मृति में एक मंदिर बनाकर वहां उसकी फोटो स्थापित की थी।

बताया जा रहा है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उस मंदिर से बच्चे की फोटो निकालकर स्कूल परिसर में लाकर तंत्र-मंत्र की गतिविधि को अंजाम दिया। स्कूल जैसे संवेदनशील स्थान पर इस तरह की घटना सामने आने के बाद सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। अभिभावकों में बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है और इलाके में दहशत का माहौल है।

घटना की जानकारी मिलने के बाद स्कूल प्रबंधन ने पेड़ के नीचे रखे सभी संदिग्ध सामान को हटाकर फेंक दिया है। वहीं पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस कृत्य के पीछे कौन है और इसका उद्देश्य क्या था। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और सीसीटीवी फुटेज खंगालने की बात भी कही जा रही है।

फिलहाल घटना के बाद ग्रामीणों और अभिभावकों में भय का माहौल बना हुआ है, वहीं प्रशासन से स्कूल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की जा रही है।

Related Articles

Back to top button