[metaslider id="31163"]
Featuredछत्तीसगढ़

स्पोर्ट्स एंड कल्चरल मीट के बाद रेल अफसरों में फूड प्वाइजनिंग, 100 से अधिक अस्पताल में भर्ती

gmedianews24.com//बिलासपुर | दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) बिलासपुर जोन अंतर्गत आयोजित स्पोर्ट्स एंड कल्चरल मीट के समापन के बाद बड़ा स्वास्थ्य संकट सामने आया है। कार्यक्रम में शामिल होने के बाद देर रात भोजन करने वाले 100 से अधिक रेल अधिकारी और उनके परिजन फूड प्वाइजनिंग का शिकार हो गए, जिससे आयोजन स्थल और रेलवे प्रशासन में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, पिछले तीन दिनों से बिलासपुर डिवीजन में स्पोर्ट्स एंड कल्चरल मीट का आयोजन किया जा रहा था, जिसमें बिलासपुर, रायपुर और नागपुर डिवीजन, मोतीबाग सहित जोन के विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं उनके परिजन शामिल हुए थे। प्रतियोगिताएं और सांस्कृतिक कार्यक्रम सेकेरसा ग्राउंड, रेलवे नार्थ ईस्ट इंस्टीट्यूट, न्यू रेल क्लब ऑडिटोरियम सहित अन्य स्थानों पर आयोजित किए गए थे।

रविवार को कार्यक्रम का अंतिम दिन था। समापन के बाद रात में न्यू रेल क्लब ऑडिटोरियम और अन्य स्थानों पर भोजन की व्यवस्था की गई थी। भोजन करने के कुछ समय बाद बड़ी संख्या में अधिकारियों और उनके परिजनों को उल्टी, दस्त, पेट दर्द और चक्कर आने की शिकायत होने लगी।

स्थिति बिगड़ते देख आनन-फानन में सभी प्रभावितों को रेलवे केन्द्रीय चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की टीम लगातार उपचार में जुटी हुई है। चिकित्सकों के अनुसार, सभी मरीजों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी अस्पताल पहुंचे और हालात का जायजा लिया। प्राथमिक जांच में खानपान व्यवस्था में गड़बड़ी की आशंका जताई जा रही है। मामले की जांच के आदेश दिए गए हैं, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि फूड प्वाइजनिंग किस कारण से हुई।

Related Articles

Back to top button