
gmedianews24.com/नई दिल्ली। सोना-चांदी की कीमतें लगातार नए रिकॉर्ड बना रही हैं। सप्ताह के पहले कारोबारी दिन सोमवार को चांदी ने ऐसा उछाल दिखाया कि इतिहास में पहली बार इसकी कीमत 3 लाख रुपये प्रति किलोग्राम के पार पहुंच गई। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर चांदी के मार्च वायदा भाव में जबरदस्त तेजी देखने को मिली।
सोमवार को कारोबार शुरू होते ही MCX पर चांदी की कीमत में 13,550 रुपये से अधिक यानी करीब 5 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई और यह ₹3,01,315 प्रति किलो के रिकॉर्ड उच्च स्तर पर पहुंच गई। इससे पहले शुक्रवार को चांदी ₹2,87,762 प्रति किलो पर बंद हुई थी।
जनवरी में अब तक 65 हजार रुपये से ज्यादा महंगी चांदी
बीते साल 2025 में शानदार तेजी दिखाने के बाद 2026 की शुरुआत भी चांदी के लिए जबरदस्त रही है। जनवरी 2026 में अब तक चांदी की कीमत में करीब ₹65,614 प्रति किलो की बढ़ोतरी हो चुकी है। 31 दिसंबर 2025 को चांदी का भाव ₹2,35,701 प्रति किलो था, जो अब बढ़कर ₹3,01,315 प्रति किलो तक पहुंच गया है।
वहीं दूसरी ओर सोने की कीमतों में भी लगातार तेजी जारी है और गोल्ड रेट नए शिखर की ओर बढ़ता नजर आ रहा है। बाजार विशेषज्ञों के अनुसार वैश्विक अनिश्चितता, निवेशकों की सुरक्षित निवेश की मांग और औद्योगिक उपयोग बढ़ने के कारण चांदी और सोने दोनों में तेजी बनी हुई है।
चांदी की इस ऐतिहासिक छलांग ने निवेशकों और बाजार पर नजर रखने वालों को चौंका दिया है और आने वाले दिनों में कीमतों को लेकर और उतार-चढ़ाव की संभावना जताई जा रही है।






