
gmedianews24.com/मुंबई। भोजपुरी के मशहूर गायक और दिल्ली की उत्तर-पूर्वी लोकसभा सीट से बीजेपी सांसद मनोज तिवारी के मुंबई स्थित आवास में लाखों रुपये की चोरी का मामला सामने आया है। अंधेरी पश्चिम के शास्त्रीनगर इलाके में स्थित सुंदरबन अपार्टमेंट में हुई इस चोरी में कुल 5.40 लाख रुपये की नकदी गायब हुई थी। मामले में अंबोली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, इस संबंध में मनोज तिवारी के मैनेजर प्रमोद जोगेंदर पांडेय ने अंबोली पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई थी। जांच में सामने आया कि चोरी का मास्टरमाइंड कोई और नहीं, बल्कि सांसद का पूर्व कर्मचारी सुरेंद्रकुमार दीनानाथ शर्मा है, जिसे करीब दो साल पहले नौकरी से निकाल दिया गया था।
पहले भी हो चुकी थी चोरी
शिकायतकर्ता प्रमोद पांडेय, जो पिछले 20 वर्षों से मनोज तिवारी के मैनेजर हैं, ने पुलिस को बताया कि जून 2025 में बेडरूम के कपाट में रखे 4.40 लाख रुपये पहले ही गायब हो चुके थे। उस समय चोरी करने वाले का पता नहीं चल सका था। लगातार हो रही घटनाओं को देखते हुए दिसंबर 2025 में घर के अंदर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए।
सीसीटीवी में कैद हुआ आरोपी
15 जनवरी 2026 की रात करीब 9 बजे सीसीटीवी अलर्ट के जरिए पूर्व कर्मचारी सुरेंद्रकुमार शर्मा को चोरी करते हुए देखा गया। फुटेज में स्पष्ट हुआ कि आरोपी के पास घर, बेडरूम और कपाट खोलने की बनावटी चाबियां थीं, जिनकी मदद से वह आसानी से घर में प्रवेश कर रहा था। उसी रात उसने करीब एक लाख रुपये की नकदी चुरा ली थी।
पूछताछ में कबूला जुर्म
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपी से पूछताछ की, जिसमें उसने चोरी की बात कबूल कर ली। इसके बाद अंबोली पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मामले से जुड़े सभी सीसीटीवी फुटेज जब्त कर लिए हैं और आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।







