
gmedianews24.com/कोरबा। जिले के गेवरा-दीपका क्षेत्र स्थित बड़े शिव मंदिर तालाब, गेवरा में अचानक बड़ी संख्या में मछलियों की मौत से इलाके में हड़कंप मच गया है। बीते तीन दिनों से लगातार तालाब में मछलियां मृत पाई जा रही हैं। अब तक करीब 3 क्विंटल से अधिक मछलियों की मौत हो चुकी है, जिससे स्थानीय लोगों में चिंता और नाराजगी दोनों देखी जा रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार तालाब के पानी में ऑक्सीजन की कमी या किसी प्रकार के फंगस संक्रमण के कारण मछलियों की मौत होने की आशंका जताई जा रही है। मरी हुई मछलियों से तालाब के आसपास दुर्गंध फैलने लगी है, जिससे श्रद्धालुओं और आसपास रहने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
घटना की जानकारी मिलते ही मछलियों को बचाने के लिए सामाजिक कार्यकर्ता अभिषेक सिंह और दीपका थाना में पदस्थ सहायक उप निरीक्षक जितेश सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने तत्काल बाजार से चूना, नमक और ब्लीचिंग पाउडर मंगाकर तालाब में स्वयं छिड़काव कराया, ताकि पानी की गुणवत्ता में सुधार किया जा सके और बची हुई मछलियों को राहत मिल सके।
मंदिर समिति के प्रमुख भानु सिंह ने बताया कि तालाब में लगातार मछलियों की मौत हो रही है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बोर के माध्यम से तालाब में ताजा पानी डलवाया जा रहा है, जिससे पानी में ऑक्सीजन की मात्रा बढ़ाई जा सके और शेष मछलियों को बचाया जा सके।
वहीं, सामाजिक कार्यकर्ता अभिषेक सिंह ने बताया कि डॉक्टरों और मछली विशेषज्ञों से सलाह लेकर तालाब के पानी की गुणवत्ता सुधारने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसके अलावा मछली विक्रेताओं और जानकार लोगों से भी संपर्क किया गया है, ताकि समय रहते सही उपाय अपनाकर मछलियों की जान बचाई जा सके।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मामले की जांच कर तालाब के पानी की नियमित जांच कराने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।







