[metaslider id="31163"]
Featuredछत्तीसगढ़

NH-53 पर भीषण हादसा: हाइवा की टक्कर से पिता-पुत्र समेत तीन की दर्दनाक मौत, सड़क पर बिखरे शवों के टुकड़े

gmedianews24.com/आरंग। छत्तीसगढ़ के नेशनल हाईवे-53 पर शुक्रवार सुबह एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। आरंग थाना क्षेत्र के पारागांव में मूरूम से भरी तेज रफ्तार हाइवा ने सामने से आ रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में पिता-पुत्र समेत एक ही परिवार के तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों बाइक सवार हाइवा के चक्कों के नीचे आ गए और वाहन उन्हें कुछ दूर तक घसीटता चला गया। सड़क पर शवों के टुकड़े बिखर गए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

मछली पकड़ने जा रहे थे तीनों

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पारागांव निवासी तीनों लोग एक प्लेटिना बाइक पर सवार होकर सुबह महानदी में मछली पकड़ने जा रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही मूरूम से लदी हाइवा ने बाइक को सीधी टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बाइक सवार संतुलन खो बैठे और हाइवा के पहियों के नीचे आ गए।

एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत

इस दर्दनाक हादसे में मृतकों की पहचान मंगलू जलक्षत्री (28 वर्ष), उसके 6 वर्षीय बेटे तिलक जलक्षत्री और श्रवण जलक्षत्री (40 वर्ष) के रूप में हुई है। तीनों की मौत से गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही आरंग थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। हाइवा चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

NH-53 पर बढ़ते हादसों पर सवाल

इस हादसे के बाद एक बार फिर NH-53 पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार और लापरवाही को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम और भारी वाहनों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Related Articles

Back to top button