
gmedianews24.com/नई दिल्ली। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की कड़ी चेतावनियों के बाद ईरान सरकार ने प्रदर्शनकारियों को फांसी देने के फैसले से पीछे हटने के संकेत दिए हैं। रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराकची ने स्पष्ट किया है कि ईरान की ओर से किसी भी प्रदर्शनकारी को फांसी देने की कोई योजना नहीं है।
विदेश मंत्री अब्बास अराकची ने फॉक्स न्यूज के कार्यक्रम ‘स्पेशल रिपोर्ट विद ब्रेट बेयर’ को दिए इंटरव्यू में कहा, “फांसी देने की कोई योजना नहीं है। फांसी का सवाल ही नहीं उठता।” उनके इस बयान से पहले अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प ने भी दावा किया था कि ईरान में प्रदर्शनकारियों की हत्याएं रुक गई हैं।
गौरतलब है कि इससे पहले ईरान सरकार ने प्रदर्शनकारियों के खिलाफ तेज ट्रायल चलाने और जल्द फांसी देने का ऐलान किया था। बुधवार को 26 वर्षीय प्रदर्शनकारी इरफान सुलतानी को फांसी दिए जाने की तैयारी की खबरें सामने आई थीं। इस फैसले पर ट्रम्प ने कड़ा रुख अपनाते हुए ईरान को चेतावनी दी थी।
ट्रम्प ने कहा था, “अगर वे फांसी देते हैं, तो आप कुछ भयानक देखेंगे।” इसके बाद अंतरराष्ट्रीय दबाव बढ़ गया, जिसके चलते ईरान ने अपने फैसले पर नरमी दिखाते हुए फांसी से इनकार किया है।
इस घटनाक्रम को पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच एक अहम राजनीतिक संकेत के तौर पर देखा जा रहा है।





