[metaslider id="31163"]
Featuredदेश

पश्चिम बंगाल में निपाह वायरस की दस्तक की आशंका, दो नर्स संदिग्ध संक्रमित

gmedianews24.com/कोलकाता। पश्चिम बंगाल में निपाह वायरस को लेकर स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ गई है। राज्य में निपाह वायरस के दो संदिग्ध मामले सामने आए हैं। न्यूज एजेंसी पीटीआई के अनुसार, उत्तर 24 परगना जिले के बारासात स्थित एक निजी अस्पताल में कार्यरत दो नर्सों में निपाह वायरस के लक्षण पाए गए हैं। दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि संदिग्ध मरीजों में एक पुरुष और एक महिला नर्स शामिल हैं। दोनों के सैंपल जांच के लिए AIIMS कल्याणी स्थित वायरस रिसर्च एंड डायग्नोस्टिक लैब भेजे गए थे। शुरुआती रिपोर्ट में निपाह वायरस संक्रमण की आशंका जताई गई है, हालांकि अंतिम पुष्टि रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

जानकारी के मुताबिक, एक नर्स नदिया जिले की रहने वाली है, जबकि दूसरी पूर्व बर्दवान जिले के कटवा क्षेत्र की निवासी है। फिलहाल दोनों को उसी निजी अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया गया है, जहां वे काम करती थीं। डॉक्टरों की निगरानी में दोनों को वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया है।

स्वास्थ्य विभाग ने एहतियातन अस्पताल परिसर और संपर्क में आए लोगों की पहचान कर निगरानी शुरू कर दी है। प्रशासन का कहना है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त एहतियाती कदम उठाए जाएंगे।

गौरतलब है कि निपाह वायरस एक अत्यंत घातक संक्रमण है, जो जानवरों से इंसानों में फैलता है और इसके मामलों में मृत्यु दर काफी अधिक रहती है। ऐसे में राज्य में संदिग्ध मामलों के सामने आने से स्वास्थ्य महकमे में अलर्ट जारी कर दिया गया है।

Related Articles

Back to top button