
gmedianews24.com/ रायपुर। छत्तीसगढ़ में ठंड का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। प्रदेश की राजधानी रायपुर सहित कई जिलों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। पेंड्रा, अंबिकापुर समेत सरगुजा अंचल और अन्य क्षेत्रों में तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में प्रदेश के कई जिलों में तापमान और गिरने की संभावना जताई है।
मौसम विभाग के अनुसार, दुर्ग संभाग और रायपुर संभाग के कुछ जिलों में शीतलहर चलने की आशंका है। इसके चलते ठंड का असर और तेज हो सकता है। राजधानी रायपुर में सुबह से ही घना कोहरा छाया हुआ है। रायपुर के साथ-साथ नवा रायपुर में भी कोहरे का असर देखा जा रहा है, जिससे दृश्यता काफी कम हो गई है और सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है।
इस बार प्रदेश में रिकॉर्ड तोड़ ठंड पड़ने के संकेत मिल रहे हैं। न्यायधानी बिलासपुर में बीते 24 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान 26.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं सरगुजा संभाग के अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान गिरकर 4.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो इस मौसम का अब तक का सबसे कम तापमान माना जा रहा है।
मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले कुछ दिनों तक प्रदेश में ठंड का असर बना रहेगा। विभाग ने लोगों को सर्दी से बचाव के लिए गर्म कपड़े पहनने, सुबह और शाम के समय अनावश्यक बाहर निकलने से बचने और कोहरे के दौरान वाहन चलाते समय सावधानी बरतने की सलाह दी है।




