
gmedianews24.com/CG News , कोरबा। दीपका थाना क्षेत्र अंतर्गत आजाद चौक के पास शुक्रवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जहां स्कूल से घर लौट रही एक महिला टीचर को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस जांच में जुट गई है।
बिलासपुर में भीषण सड़क हादसा, तेज रफ्तार कार की हाइवा से टक्कर, युवक-युवती की मौत
प्राप्त जानकारी के अनुसार एसईसीएल ऊर्जा नगर कॉलोनी निवासी शिक्षिका रीना सिंह शुक्रवार शाम करीब 4 बजे प्राथमिक शाला केंद्र से छुट्टी के बाद स्कूटी से अपने घर लौट रही थीं। जैसे ही वे आजाद चौक के पास पहुंचीं, पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि स्कूटी असंतुलित होकर गिर गई और शिक्षिका कार के पहिए के नीचे आने से बाल-बाल बचीं।
हादसे में रीना सिंह के पैर में गंभीर चोट आई है। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उन्हें सड़क से हटाया और प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। हादसे के बाद कार चालक बिना रुके मौके से फरार हो गया, जिससे स्थानीय लोगों में आक्रोश देखा गया।
घटना की सूचना मिलते ही दीपका थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर फरार कार चालक की पहचान में जुट गई है। पुलिस का कहना है कि फुटेज की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने आजाद चौक पर तेज रफ्तार वाहनों पर रोक लगाने और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि इस इलाके में पहले भी कई हादसे हो चुके हैं, लेकिन अब तक ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं।






