
gmedianews24.com/दंतेवाड़ा। बस्तर रेंज के आईजी सुंदरराज पी ने मंगलवार को “पुना मारगेम : पुनर्वास से पुनर्जीवन” पहल के अंतर्गत कोण्डागांव जिले के ग्राम देवखरगांव में संचालित पुनर्वास केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र में रह रहे पुनर्वासित युवाओं से संवाद कर उन्हें दिए जा रहे कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रमों एवं शासकीय योजनाओं के लाभ की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान बस्तर आईजी सुंदरराज पी ने 35 पुनर्वासित युवाओं को स्मार्टफोन एवं प्रशिक्षण किट का वितरण किया। उन्होंने पुनर्वासित युवाओं से चर्चा करते हुए कहा कि शासन की मंशा है कि हिंसा का मार्ग छोड़ चुके लोगों को कौशल प्रशिक्षण और विभिन्न शासकीय योजनाओं से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाया जाए, ताकि वे सम्मानजनक जीवनयापन कर सकें और समाज में सकारात्मक बदलाव के वाहक बनें।
आईजी सुंदरराज पी ने पुनर्वासित युवाओं से आह्वान किया कि वे प्रशिक्षण अवधि का पूरा लाभ लें, पूरे उत्साह और लगन के साथ सीखें तथा यहां प्राप्त ज्ञान को अपने जीवन में अपनाने के साथ-साथ अपने गांवों तक भी पहुंचाएं। उन्होंने विकास के मार्ग को अपनाने के लिए पुनर्वासित व्यक्तियों का आभार भी व्यक्त किया।
इस अवसर पर कलेक्टर नुपूर राशि पन्ना ने पुनर्वास केंद्र में संचालित विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रमों एवं गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि शासन का उद्देश्य है कि प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद पुनर्वासित व्यक्ति स्वरोजगार के माध्यम से अपने परिवार की आजीविका स्वयं चलाने में सक्षम बनें।
वहीं पुलिस अधीक्षक पंकज चन्द्रा ने पुना मारगेम : पुनर्वास से पुनर्जीवन योजना के तहत विभिन्न ट्रेड में दिए जा रहे कौशल प्रशिक्षण और पुनर्वासितों को शासकीय योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी।





